Gallery

Description : प्रज्ञान पब्लिक स्कूल, जेवर में आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में किया गया। विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. हरीश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा तथा कोषाध्यक्ष श्री अमोल कुमार शर्मा के द्वारा महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी महर्षि वाल्मीकि के प्रेरक जीवन-प्रसंगों पर अपने विचार व्यक्त किए और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. हरीश कुमार शर्मा ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके सद्विचार भारतीय संस्कृति की अहम पहचान हैं। उन्होंने कहा कि इन विचारों के पथ पर चलकर ही एक आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके द्वारा रचित अमर महाकाव्य 'रामायण' केवल एक ग्रंथ का ज्ञान नहीं कराता, बल्कि जीवन में सेवा, करुणा, निरंतर प्रयास और सामाजिक समरसता का पाठ भी पढ़ाता है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन इस सत्य का प्रमाण है कि सच्चा संकल्प और निरंतर साधना मनुष्य को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है। उन्होंने सभी को रामायण के सिद्धांतों, सत्य, धर्म और मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।